देश

राहुल गांधी के परिवार ने देश में चार पीढ़ी तक राज किया, विकास क्यों नहीं हुआः अमित शाह

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के परिवार ने इस देश में चार पीढ़ी तक राज किया है लेकिन इस दौरान देश में विकास क्यों नहीं हुआ ? जनता यह जानना चाहती है। शाह ने रविवार को सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ विकास यात्रा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी पूछ रहे थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने चार सालों में क्या किया।
उन्होंने कहा,‘राहुल हमसे चार वर्षों का हिसाब पूछ रहे हैं। हमें उनको हिसाब देने की जरूरत नहीं है। हम एक-एक मिनट और एक-एक पैसे का हिसाब जनता को देंगे जब हम उनसे मत लेने जाएंगे। लेकिन उनकी चार पीढ़ी ने इस देश में शासन किया है उसका भी उन्हें हिसाब देना होगा।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के परिवार ने 55 साल तक इस देश में शासन किया है। राहुल के परदादा जवाहरलाल नेहरू, दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह जी के साथ देश में शासन किया है। इस दौरान देश में विकास क्यों नहीं हुआ ? देश की जनता उनसे जानना चाहती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में चार वर्षों में भाजपा की सरकार ने 30 करोड़ लोगों का बैंक में खाता खुलवाया है।
चार साल के भीतर तीन करोड़ 80 लाख माताओं को गैस सिलेंडर दिया गया। साढ़े सात करोड़ घरों में शौचालय बनाने का काम किया गया। 19 हजार गांवों में बिजली पहुंचाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद चार सालों में 116 योजनाएं गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवाओं, महिलाओं और सभी वर्ग के लिए बनाई गई।
शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित करने का काम किया है। पाकिस्तान अक्सर देश में गोलीबारी करता था। उरी में जब उन्होंने हमला किया तब केंद्र सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक करने का फैसला किया। भारतीय सिपाहियों ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और सकुशल वापस आ गए। मोदी की सरकार ने दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह धूप में गांव गांव में विकास यात्रा निकाल रहे हैं। यहां दौरा कर रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी यूरोप और इटली की यात्रा में चले जाते हैं। यह लोग सेवा नहीं कर सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग छत्तीसगढ़ में विकास यात्रा का नहीं बल्कि यहां विकास का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने रमन सिंह सरकार की तारीफ की और कहा कि देश में कहीं से नक्सलियों को खदेडने का काम हुआ है तो वह छत्तीसगढ़ की धरती से हुआ है। -वेब

About the author

BLUE SPARK NEWS

Lucknow, U.P. India. Asian Country.

6,777 Comments

Click here to post a comment