देश

फ्रांस को पीछे छोड़ भारत दुनिया की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था बना

नई दिल्ली/पेरिसवर्ल्ड बैंक के मुताबिक भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत ने फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। फ्रांस की अर्थव्यवस्था 2017 में 2.58 ट्रिलियन डॉलर (177 लाख करोड़ रुपए) थी। भारत की अर्थव्यवस्था इससे ज्यादा 2.59 ट्रिलियन डॉलर (178 लाख करोड़ रुपए) रही। वहीं, भारत की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में आंध्र प्रदेश लगातार दूसरी बार टॉप पर है।
भारत की आबादी जहां 134 करोड़ है, वहीं फ्रांस की जनसंख्या 6.7 करोड़ है। वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, इसके ये मायने हैं कि भारत के मुकाबले फ्रांस में प्रति व्यक्ति आमदनी 20 गुना ज्यादा है। वर्ल्ड बैंक ग्लोबल इकोनॉमिक्स प्रॉस्पेक्टस रिपोर्ट के मुताबिक, नोटबंदी और फिर जीएसटी के बाद आई मंदी से भारत की अर्थव्यवस्था उबर रही है। भारत 2032 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। 2018 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.3 फीसदी और 2019 में 7.5 फीसदी की वृद्धि दर से बढ़ सकती है। रिपोर्ट तैयार करने वाले वर्ल्ड बैंक के डायरेक्टर अहयान कोसे कहते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है और इसमें टिकाऊ विकास देने की क्षमता है। अर्थव्यवस्था में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी और निवेश बढ़ने से भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) मजबूत हुआ है।
अब भारत से ज्यादा गरीब नाईजीरिया में : वर्ल्ड पावर्टी क्लॉक और ब्रूकिंग्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब भारत दुनिया में सबसे ज्यादा गरीब जनसंख्या वाला देश नहीं है। भारत में जहां 7 करोड़ आबादी बेहद गरीबी में जी रही है, वहीं नाईजीरिया में 8.7 करोड़ लोग बेहद गरीब हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि नाईजीरिया में जहां हर एक मिनट में छह लोग गरीबी में धकेले जा रहे हैं, वहीं भारत में हर मिनट में 44 लोग गरीबी से बाहर आ रहे हैं। -वेब

About the author

BLUE SPARK NEWS

Lucknow, U.P. India. Asian Country.

7,511 Comments

Click here to post a comment