नगर निगम सदन ने अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए दर्जन भर टैक्स 30 लाख की आबादी पर लगा दिए हैं। बुधवार को सदन ने इस पर मोहर लगा दी। कार्यकारिणी पहले ही स्वीकृति दे चुकी थी। सदन ने होटल, गेस्ट हाउस, सिनेमा घर, मल्टीप्लेक्स, प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम व बार चलाना दस गुना तक महंगा कर दिया है। लाइसेंस शुल्क बढ़ने के साथ इसकी वसूली संचालक निश्चित तौर पर जनता से करेंगे। हालांकि नगर निगम का कहना है कि इसका जनता पर सीधे असर नहीं पढ़ेगा।
नगर निगम सदन की हरी झंडी के बाद अब शहर में होटल, गेस्ट हाउस और बार चलाना 10 गुना तक महंगा हो गया है। लाइसेंस शुल्क में बढ़ोतरी के प्रस्तावों को मंजूर कर लिया गया। अब प्राइवेट नर्सिंग होम-पैथालॅाजी और सिनेमा हाल व मल्टीप्लेक्स के शो टैक्स में भी जबरदस्त इजाफा हो गया है। नगर निगम सीमा के अंदर हैलीपैड, हवाई अड्डा व हवाई पट्टियों पर यात्री कर और चार्टड विमान, हेलीकाप्टर की उड़ान पर टैक्स लगाने के प्रस्ताव को भी सदन ने पास कर दिया है। यह टैक्स पहली बार लगाया जाएगा।
नगर निगम सीमा के अंदर हैलीपैड, हवाई अड्डा व हवाई पट्टियों प्रति व्यक्ति 100 रुपये और चार्टड विमान, हेलीकाप्टर की प्रति उड़ान पर 3000 रुपये टैक्स लगाया लिया जाएगा। इसका प्रस्ताव सदन ने पास कर दिया है और अब इसे शासन मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उसके बाद यह लागू हो पाएगा। नगर निगम सदन ने सिनेमा घर और मल्टीप्लेक्स का शो टैक्स 24 गुना तक बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अभी सभी तरह के सिनेमा घरों से 25 रुपए प्रति शो के हिसाब से टैक्स लिया जाता था। -वेब
Add Comment