देश

बाबा के चक्कर में दो यवुकों के पेट में गया टूथ ब्रश

नई दिल्ली। बाबा की सलाह दो यवुकों पर पड़ी भारी। टूथब्रश से गले तक सफाई करने के चक्कर में दो युवकों के पेट में ब्रश चला गया। दोनों को गंभीर हालत में दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी करके पेट से ब्रश को निकाला। डॉक्टरों ने बताया कि ब्रश निकालने में देरी होती तो युवकों की जान तक जा सकती थी।
डॉक्टरों ने बताया कि उत्तरप्रदेश के आगरा में रहने वाले गौरव को अक्टूबर में और दिल्ली निवासी आबिद को 9 दिसंबर को एम्स के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया। दोनों मरीजों की समस्या एक जैसी थी। इनकी आहार नली के रास्ते पेट में ब्रश चला गया था। इससे दोनों मरीजों को पेट में तेज दर्द और खाने-पीने में दिक्कत हो रही थी।
दोनों मरीजों के सीटी स्कैन में पता चला कि पेट में ब्रश जाकर अटका हुआ है। इसके बाद एंडोस्कोपी करके डॉक्टरों ने ब्रश निकालने की कोशिश की। ब्रश आड़ा हो गया था इसलिए इसे निकालने में मुश्किल हो रही थी। ऐसे में एम्स के ही गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की मदद से ब्रश को निकाला गया। युवकों ने बताया कि उनका पेट साफ नहीं होता था। बाबा ने उन्हें ब्रश करते समय गले तक सफाई करने की सलाह दी थी। -वेब