लखनऊ। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के केंद्रीय महामंत्री शिव गोपाल मिश्र पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी प्रभावती देवी मिश्र और 10 साल की पौत्री इरिषु की चिता की अग्नि ठंडी भी न हुई थी कि उनके एकलौते बेटे गौरव का भी निधन हो गया। गौरव अपोलो अस्पताल दिल्ली में भर्ती था। गौरव मिश्र का अंतिम संस्कार भी शुक्रवार को बैकुंठ धाम में नम आखों के बीच किया गया। उनका पार्थिव शरीर विमान से नई दिल्ली से शुक्रवार को लखनऊ पहुंचा था। अब परिवार में बहू और सात साल की पौत्री ही है।
बीती 11 जून को भोपाल में सड़क हादसे में गौरव मिश्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद गौरव को भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को तबीयत अधिक बिगड़ने पर गौरव को एयर एंबुलेंस से भोपाल से दिल्ली लाया गया। यहां शाम करीब 5ः30 बजे गौरव ने अंतिम सांस ली। शिव गोपाल मिश्र को शाम को बताया गया कि गौरव की तबीयत अधिक बिगड़ गई है। शिव गोपाल मिश्र शाम 5ः45 बजे के विमान से दिल्ली रवाना हो गए। वह अस्पताल पहुंचे तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। जवान बेटा उनकी आंखों के सामने मृत था।
विदित है ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फैडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र की पत्नी प्रभावती देवी और पौत्री इरीशा का बुधवार (12 जून) देर शाम भोपाल में सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। निधन की खबर से रेल कर्मचारियों के साथ ही राज्यकर्मी भारी शोक में है। महामंत्री की पत्नी प्रभावती मिश्र अपने बेटे बहू और पोत्रियों के साथ भोपाल के करीब सलकनदेवी के दर्शन को गई हुई थी। दर्शन कर वापस लौटने के दौरान उनकी कार सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर के बाद सड़क के किनारे पेड से टकरा गई। इस दुर्घटना में महामंत्री की पत्नी प्रभावती मिश्र का मौके पर ही निधन हो गया। जबकि गंभीर रुप से घायल पौत्री 10 साल की इरीशा भी कुछ ही देर बाद अस्पताल में निधन हो गया। दुर्घटना में बेटे गौरव के साथ बहू को भी चोट आई थीं। – वेब