कोलकाता। हावड़ा ब्रिज के पास गंगा में डुबकी लगाने के बाद एक जादूगर यहां जादू दिखाने के लिए गंगा में उतरा लेकिना बाहर नहीं आया। रविवार को वह लोहे की जंजीर से हाथ-पैर बांधकर नदी में उतरा था। काफी देर तक जादूगर का पता नहीं चलने पर दर्शकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, जादूगर की पहचान चंचल लाहिरी (41 साल) के तौर पर हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग गंगा में उसकी तलाश कर रहा है।
कलेक्टर सैयद वकार रजा ने बताया कि जादूगर चंचल ने क्रेन की मदद से नदी में डुबकी लगाई थी। वह दर्शकों को दिखाना चाह रहा था कि नदी के अंदर जादू से अपने हाथ-पैर खोल लेगा और बाहर आ जाएगा। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका।
जादूगर चंचल पश्चिम बंगाल के सोनारपुर शहर का रहने वाला था। पहले भी वह दो बार ऐसा जादू दिखा चुका था। 2013 में जादू दिखाते वक्त मौत के मुंह में जाने से बाल-बाल बचा था। पुलिस सूत्रों की मानें तो चंचल ने गंगा में जादू दिखाने के लिए पुलिस-प्रशासन से अनुमति ली थी। इसके बावजूद वहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। -वेब