जम्मू। सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन से जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किए जाने के बाद आज पार्टी मुख्यालय में बुलाई गई पत्रकारवार्ता व जश्न की तैयारियों को यह दुखद समाचार प्राप्त होने के बाद रद कर दिया है। यही नहीं वह सुषमा स्वराज के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली के लिए भी रवाना हो गए।
सुषमा का मंगलवार देर रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 67 साल की थीं और काफी समय से बीमार चल रही थीं। उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। बीमारी के कारण ही उन्होंने खुद को वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव से अलग रखा था। वर्ष 2014 में उन्हें विदेश मंत्रालय का प्रभार मिला था। जम्मू कश्मीर की राजनीति से सुषमा का काफी जुड़ाव रहा। उन्होंने सोमवार को ही अनुच्छेद-370 और 35ए को समाप्त करने के फैसले का स्वागत किया था। सुषमा ने इसे साहसिक और ऐतिहासिक फैसला बताया था। उन्होंने अनुच्छेद 370 को रद करने के तुरंत बाद ट्वीट किया था। -वेब