लखनऊ। पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही विनोद कुमार से जालसाजों ने लंदन की महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती की। इसके बाद सिपाही से 3.17 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने लखनऊ के महानगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक महानगर अशोक कुमार सिंह के मुताबिक, मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले सिपाही विनोद की कुछ समय पहले फेसबुक पर महिला से दोस्ती हुई। महिला ने खुद को लंदन निवासी बताया। एक दिन महिला ने सिपाही को भारत में 3.50 लाख यूएस डॉलर निवेश करने की बात कही और निवेश में मदद को कहा।
महिला ने सिपाही को मोटे कमीशन का लालच दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि विदेशी महिला ने 19 नवंबर को लंदन से मुंबई एयरपोर्ट आने की बात कही। इसके बाद 19 नवंबर को सिपाही के पास अनजान नंबर से फोन आया। बताया गया कि विदेशी महिला मित्र मुंबई एयरपोर्ट पर है। उसके पास मौजूद 3.50 लाख यूएस डॉलर भारतीय करेंसी में बदलने के लिए रुपये की मांग की। इसके बाद सिपाही ने जालसाजों के बताए गए खातों में 3.17 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद सभी के मोबाइल बंद हो गए। -वेब