नई दिल्ली, एजेंसी। देश में साढ़े पांच महीने बाद सोमवार से मेट्रो सर्विस शुरू हो गई है। दिल्ली, नोएडा, चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद के लोग अब फिर से मेट्रो की सवारी कर पाएंगे। कोलकाता में 8 सितंबर से सर्विस शुरू होगी। कोरोना की वजह से 25 मार्च को पूरे देश में मेट्रो सर्विस बंद कर दी गई थी।
दिल्ली में 169 दिनों बाद मेट्रो सर्विस शुरू हुई है। पहले फेज में यलो लाइन रूट पर शुरूआत की गई है। यलो लाइन समयपुर बादली को हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। मेट्रो के सफर में यात्रियों को मास्क पहनने जैसी कई शर्तें माननी होंगी।
अनलॉक-4 में केंद्र सरकार ने 7 सितंबर से फेज वाइज मेट्रो शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद 2 सितंबर को मेट्रो के लिए गाइडलाइंस जारी की गईं। इसके तहत, यात्रियों को फेस मास्क पहनने के साथ ही शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना है। सिर्फ स्मार्ट कार्ड से ही यात्रा कर सकेंगे। कैशलेस ट्रांजैक्शन होगा। इसके लिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की परमिशन होगी। कंटेनमेंट जोन में आने वाले मेट्रो स्टेशन फिलहाल बंद ही रहेंगे। – वेब
अब फिर शहर के लोग मेट्रो से सफर करेंगे
