राज्य सरकार की मंजूरी मिलने पर सात माह बाद गुरुवार को भले ही मल्टीपलेक्स खुल गये, लेकिन दर्शकों ने दूरी बनाई रखी। वहीं कई बड़े ब्रांड ने मल्टीप्लेक्स बंद रखे। जानकारों की मानें तो मल्टीप्लेक्स में लखनवाइट्स का फुटफाल रहा, लेकिन नई मूवी न लगी होने की वजह से वह वापस लौट गये।
आईनॉक्स के पांच मल्टीप्लेक्स शहर में हैं। इसमें से गुरुवार को मात्र तीन ही खुले। निशातगंज के बादशाह नगर स्थित उमराव मॉल, रिवर फ्रंट साइट पर आईनॉक्स और बीबीडी स्थित क्राउन मॉल के सिनेमा हॉल खुले। हालांकि दर्शकों के न आने की वजह से मल्टीप्लेक्स में सन्नाटा पसरा रहा। आलम यह था कि पूरे दिन 10 शो चले और मूवी देखने के लिए काफी कम दर्शक ही पहुंचे। उमराव हॉल में चले पहले शो में कोई दर्शक नहीं आया। दूसरे में पांच , तीसरे शो में 14 और अंतिम शो में 17 दर्शक पंहुचे। आइनॉक्स रिवर फ्रंट साइड मॉल में पहले दो शो खाली रहे, जबकि तीसरे शो में मात्र दो दर्शक ही पंहुचे। क्राउन मॉल के मल्टीप्लेक्स में दो बजे के शो में दो दर्शक और शाम 6ः30 बजे के शो में तीन दर्शक ही पहुंचे। आज भी दर्शकों को थप्पड़, तनाजी और मलंग फिल्म दिखाई जाएगी।
मल्टीप्लेक्स में फुटफाल देखने को तो मिला, लेकिन नई मूवी न लगने पर दर्शक निराश होकर वापस लौट गए। सभी मल्टीप्लेक्स में पहले से चल रही मूवी के ही शो चल रहे हैं।
कोविड 19 के नियमों का किया जा रहा पालन शहर के जो मल्टीप्लेक्स ओपन हुए, वहां कोविड 19 के नियमों का सख्ती से पालन किया गया। दर्शकों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा गया था। वहीं कोविड हेल्पडेस्क, सेनेटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई। मूवी के बीच 45 मिनट का गैप भी रखा गया था। -वेब