पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में सोमवार 19 अक्टूबर से राज्य सरकारों ने स्कूल खोलने का फैसला लिया है। कोविड-19 संक्रमण के कारण स्कूल 13 मार्च से बंद चल रहे हैं। इससे पहले शिक्षा मंत्रालय ने 15 अक्टूबर से क्रमबद्ध तरीके से स्कूलों को खोलने के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए थे। हालांकि इस बारे में राज्यों को स्कूल खोलने और न खोलने को लेकर फैसला करने का अधिकार दिया गया था। दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीगढ़ और महाराष्ट्र ने अभी स्कूल न खोलने का फैसला लिया है।
उत्तर प्रदेश में कक्षा 9 से 12 तक के लिए स्कूल खोले जा सकते हैं। स्कूल दो पालियों में चलाए जाएंगे। सुबह 8.50 से दोपहर 11.50 तक कक्षा 9 व 10 और 12.20 से 3.20 तक कक्षा 11 व 12 की कक्षाएं चलाई जाएंगी। वहीं स्कूल खोलते समय कोविड 19 के प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाएगा। प्रदेश सरकार ने एहतियात बरतते हुए स्कूल खोलने की न सिर्फ एसओपी जारी की है बल्कि तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारियों को निरीक्षण के लिए भेजा है।
सिक्किम सरकार ने आज से राज्य में स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने का निर्णय लिया है। कक्षाएं हफ्ते में छह दिन लगेंगी तथा शनिवार को आधे दिन का अवकाश रहेगा। हालांकि अधिसूचित सरकारी अवकाश दिए जाएंगे। स्कूल आने की अनिवार्यता नहीं होगी। इसी तरह कक्षा छह से आठ की कक्षाएं दो नवंबर से, तीसरी, चैथी और पांचवीं की कक्षाएं 23 नवंबर से लगेंगी। -वेब