देश

देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत भारत बंद का असर

समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया। वहीं, अंबेडकरनगर व अयोध्या में कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। यहां जानिए उत्तर प्रदेश में भारत बंद के असर का हर अपडेट…

  • अलीगढ़ में साप्ताहिक बंदी के दिन भारत बंद का बाजारों में नहीं दिख रहा असर। राजनीतिक दलों के नेता घरों में नजरबंद। किसान संगठन जगह जगह हो रहे एकत्रित। पुलिस प्रशासनिक सख्ती कायम। किसानों के भारत बंद का शहरी इलाकों में नहीं दिख रहा असर। मुसलिम इलाकों के भी बाजार खुले। आज वैसे साप्ताहिक बंदी भी रहती है। बावजूद इसके कई इलाकों के बाजार खुले। इधर, किसान संगठन जीटी रोड पर गांव बोनेर के पास, कस्बा गोंडा में, इगलास में एकत्रित होकर धरने की तैयारी में हैं। सपा नेता पूर्व विधायक जफर आलम के आवास पर एकत्रित हैं।
    मऊ। देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत मंगलवार को भारत बंद के दौरान सुबह और सोमवार की रात में ही जिले के सपा और कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया। कई लोगों को पुलिस ने उनके घर से निकलने पर रोक लगा दी। सोमवार की देर रात रानीपुर ब्लॉक के धर्मसीपुर में सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।
    वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम को घोसी स्थित आवास पर, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्रकुंवर सिंह को डुमरी मर्यादपुर स्थित उनके आवास पर, सपा के लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष धीरज राजभर को शहर के सहादतपुरा स्थित उनके अवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वहीं सपा- कांग्रेस के कई नेताओं को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।
  • राजधानी लखनऊ में नवीन दुबग्गा फल व सब्जी मंडी किसान आंदोलन के समर्थन में पूरी तरह बंद है। मंडी के अंदर पूरी तरह सन्नाटा छाया हुआ है। बता दें कि दुबग्गा सब्जी मंडी से प्रदेश के छह जिलों में सब्जियां जाती हैं। आढ़तियों का कहना है कि मंडी बंद होने से करीब तीन करोड़ का नुकसान होगा। आढ़तियो का कहना है कि किसानों द्वारा दुबग्गा सब्जी मंडी बंद की गई है अगर किसान सब्जी मंडी बंद कर देंगे तो हम बेचेंगे क्या ? उन्होंने नुकसान होने पर कहा कि किसानों की समस्या हमारी समस्या है सरकार जल्द से जल्द इसका समाधान करे।
    मेरठ में किसान बंद के समर्थन आज सुबह ही सपा नेता पवन गुर्जर को उनके नूर नगर आवास से पुलिस ने नंजरबंद कर दिया। सहारनपुर में भारत बंद को बसपा ने भी समर्थन किया तो मंगलवार सुबह ही पुलिस बसपा जिलाध्यक्ष के घर पहुंच गई और उनको नंजरबंद कर दिया। वहीं रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम को भी पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया है। -वेब