जगत प्रकाश नड्डा को बतौर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल विस्तार मिल गया है। इस फैसले से ठीक एक दिन पहले नड्डा ने बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक में कहा था कि पार्टी के इस साल होने वाले सभी 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव जीते हैं। अब पार्टी ने उनका कार्यकाल जून 2024 तक के लिए बढ़ा दिया है। अब ये सारे चुनाव नड्डा के कार्यकाल में ही होंगे। खास बात ये है कि इनमें से वो राज्य भी शामिल हैं, जहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा चार राज्य कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तो ऐसे हैं जहां बीजेपी की सीधी टक्कर कांग्रेस से है। इन राज्यों कर्नाटक और मध्य प्रदेश में तो भगवा दल के लिए चुनौती और बड़ी है, क्योंकि यहां पार्टी को सत्ताविरोधी लहर का भी सामना करना पड़ेगा।
नड्डा के लिए 2023 और 2024 काफी अहम साल रहने वाले हैं। पार्टी को मध्य प्रदेश और कर्नाटक में काफी जोर लगाना होगा। दरअसल, नड्डा के बयान और हकीकत का फर्क आप ऐसे समझिए कि पिछली बार लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में बीजेपी को हार मिली थी जबकि कर्नाटक में वह मामूली अंतर से बहुमत से दूर रह गई थी। कुछ दिन बाद पार्टी ने कर्नाटक में सरकार तो बना ली है लेकिन वहां भगवा दल के लिए हालात बहुत ठीक नहीं लग रहे हैं। राज्य के मुखिया बासवराज बोम्मई पर विपक्षी भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी पार्टी के सत्ताविरोधी लहर का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नड्डा के लिए 2023 का साल कांटों से भरा है। – वेब
जगत प्रकाश नड्डा को बतौर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल विस्तार
